टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, CM धामी भी हुए शामिल
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। आढ़त बाज़ार स्थित शिवाजी धर्मशाला से यात्रा शुरू हुई। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए यात्रा टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज सहित देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। महंत कृष्ण गिरी महाराज व दिगंबर भरत गिरी महाराज ने बताया कि शोभायात्रा को पहले से अधिक आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के प्रयास किया गया है।
यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था के लिए 50-50 लोगों की दो सफाई टीमें अलग-अलग समय पर तैनात हैं, जो शोभायात्रा गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई करेंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य व आपातकालीन व्यवस्था के तहत दो एम्बुलेंस यात्रा के साथ है, जिनमें दो डॉक्टर और चार नर्स मौजूद हैं। इसके अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी शोभायात्रा के साथ में हैं।
