May 3, 2024

मौसमः उत्तराखण्ड में ठंड का कहर शुरू, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी।

देहरादून। जनवरी का महीना नजदीक आतेे ही ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों को बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। 

हरिद्वार में बुधवार को सीजन का सबसे अधिक कोहरा रहा। शहर और देहात क्षेत्रों में कोहरे की धुंध छाने से वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हाईवे से लेकर मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। कई जगहों पर दुर्घटनाएं भी हुई। हालांकि, जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। सुबह साढ़े दस बजे तक कोहरा होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिरा और ठिठुरन एवं गलन ने लोगों को परेशान किया। 

हरिद्वार और आसपास के क्षेत्र में मंगलवार रात से कोहरा छाने लगा था। सुबह के समय कोहरा और घना हो गया और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इससे वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। हाईवे पर निर्माण कार्य और कोहरे से कई जगह पर जाम की स्थिति भी बनी रही। देहात क्षेत्र में सुबह के समय लोग अपने खेतों की तरफ नहीं गए। 11 बजे से धूप निकलनी शुरू हुई और दोपहर में ठंड से राहत मिली। लेकिन सूरज ढलने के साथ फिर ठिठुरन और गलन से लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। 

सड़कों पर आवाजाही और बाजारों में भीड़भाड़ कम हो गई। लोग ठंड से बचने के लिए घरों में कैद हो गए। मौमस विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। जबकि मंगलवार को अधिकतम पारा 21.4 और न्यूनतम 5 डिग्री था। इसके साथ ही गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास रहेगा। सोमवार को बूंदाबांदी और मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com