उत्तराखंड देश का चौथा ओडीएफ राज्य
उत्तराखंड देश का चौथा ओडीएफ राज्य है। यह वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर घोषित किया गया है। राज्य में 92 निकाय हैं। सफाई में तकनीकी के मामले में छत्तीसगढ़ भले ही आगे हो, मगर डोर-टू-डोर कलेक्शन मामले में उत्तराखंड बेहतर है। सभी निकायों में चार साल में कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था कर दी जाएगी। जिससे सड़कों पर कूड़ा नजर नहीं आएगा।
यह बात शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नगर निगम में आयोजित करीब 55 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में कही।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कहा कि जब पिछली बार भाजपा की सरकार थी तो उन्हें शहरी विकास मंत्री का जिम्मा सौंपा गया था। इसलिए वह निकायों की आर्थिक स्थितियों से अच्छी तरह परिचित थे। इस बार भाजपा सरकार में उन्होंने सरकार की सामने निकायों के बजट को बढ़ाने का प्रस्ताव रखा तो बजट में तीन गुना बढ़ोत्तरी की गई। राज्य के 50 ऐसे निकाय हैं, जहां पर वेतन भुगतान और अन्य कार्यों में कोई बकाया नहीं रह गया है। अन्य निकायों की आर्थिक स्थितियां जल्द सुधर जाएंगी।