उत्तराखण्ड के डेढ़ लाख किसानों के खातों में दो-दो हजार रूपय डाले जा चुके हैं:त्रिवेन्द्र सिंह रावत
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का डिजिटल शुभारम्भ रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोरखपुर से किया. प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 11 किसानों को किसान सम्मान निधि की सहायता राशि व 3 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिये. प्रधानमंत्री के हाथों किसान सम्मान निधि की पहली किश्त लेने वालों में उत्तराखण्ड के कृषक जसपाल सिंह भी शामिल हैं.
पहली किश्त के रूप में देशभर के 1 करोड़ एक लाख से अधिक किसानों के खातों में डिजिटल पेंमेंट किया गया उसमें उत्तराखण्ड के डेढ़ लाख से अधिक किसानों के खातों में पहली किश्त के दो-दो हजार रूपय डाले जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता मिलन हाॅल में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि किसान सम्मान निधि की पहली किश्त के रूप में आज प्रदेश के डेढ़ लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं. 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में प्रधानमंत्री जी का यह एक और सराहनीय कदम है. उन्होंने कहा कि लघु एवं सीमान्त किसानों को कृषि से सम्बन्धित विभिन्न कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रूपये सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किये जायेंगे. यह पूर्णतः केन्द्र पोषित योजना है. इस निधि से किसानों को एक स्थाई व्यवस्था मिली है.
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि पीएम किसान निधि के तहत उत्तराखण्ड में कुल 9 लाख 73 हजार 147 किसानों का पंजीकरण हुआ है, जिसमें से 4 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम पीएम किसान पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं. इस माह के अन्त तक सभी लाभार्थियों के नाम अपलोड कर लिये जायेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के लिए प्रधानमंत्री जल्द ही अगली योजना का शुभारम्भ करने वाले हैं. श्रमिकों के आकस्मिक मृत्यु पर उनके आश्रितों को 06 लाख रूपये मुआवजा राशि देने का निर्णय केन्द्र सरकार ने लिया है साथ ही असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए पीएम श्रमयोगी मानधन योजना के तहत 03 हजार रूपये पंेशन देने की शुरूआत की जा रही है. मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में प्रदेश के लघु व सीमान्त कृषकों को मात्र 02 प्रतिशत ब्याज पर एक लाख तक का लोन दिया गया. जबकि अब प्रदेश के किसानों को अब 01 लाख तक का तथा महिला व पुरूष स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है.
- 01 करोड़ 01 लाख किसानों के खाते में पहली किश्त का डिजिटल पेमेंट
- उत्तराखण्ड के डेढ़ लाख से अधिक किसानों के खाते में किया गया डिजिटल पेमेंट
- पीएम के हाथों पहली किश्त लेने वालों में उत्तराखण्ड से जसपाल सिंह भी शामिल
- उत्तराखण्ड से 04 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम पीएम किसान पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं-मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत
