May 6, 2024

इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर 6.5 की तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप

जकार्ता। इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर 6.5 की तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है। घर के मलबे में दबने से 2 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की खबर है। भूकंप का केंद्र 91 किमी गहराई में था। भूकंप से 100 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। राहत एवं बचाव कार्य भी जारी है। कई अस्पताल भी क्षतिग्रस्त हो गए, ऐसे मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।

कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि प्रशासन ने सुनामी की चेतावनी जारी की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। हालांकि अधिकारियों का साफ तौर पर कहना है कि सुनामी आने के कोई संकेत नहीं है। भूकंप का पहला झटका शुक्रवार रात 11.04 बजे जावा प्रांत के सुकाबूमी में महसूस किया गया। इसके लगभग 40 मिनट बाद भूकंप का दूसरा झटका महसूस किया गया। इसके बाद कई झटके महसूस किए जा चुके हैं।

जकार्ता में रहने वाले 50 वर्षीय वेब बारो उस समय 18वीं मंजिल पर थे जब भूकंप आया। उन्होंने बताया, ‘अचानक मुझे चक्कर आने लगा, जल्द ही मुझे अहसास हो गया कि यह भूकंप है और मैं तेजी से सीढ़ियां उतरने लगा।’ सुनामी के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों को खाली करा लिया गया है। भूकंप के केंद्र से करीब 300 किमी दूर भी झटके महसूस किए गए। गौरतलब है कि दिसंबर 2016 में भी इंडोनेशिया के पश्चिमी प्रांत में भूकंप आया था, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com