PSPCL उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी: रूफटॉप सोलर से बिजली के बिल होंगे सस्ते, सब्सिडी भी मिलेगी! पंजाब में सोलर ऊर्जा की जबरदस्त वृद्धि, 430 मेगावाट तक पहुंची क्षमता, जानें कैसे उठा सकते हैं लाभ

0
Screenshot (307)

पंजाब डेस्क: PSPCL (पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जानकारी दी कि राज्य में रूफटॉप सोलर ऊर्जा की क्षमता में जबरदस्त वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान 60.51 मेगावाट की वृद्धि के लिए केंद्र सरकार ने PSPCL को 11.39 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया है। इस वृद्धि से प्रतिदिन लगभग 2.4 लाख यूनिट सौर ऊर्जा उत्पन्न होने की उम्मीद है, जिससे न केवल बिजली के बिलों में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण को भी फायदा होगा।

बिजली मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 86 मेगावाट की और वृद्धि हुई है, जिससे पंजाब में रूफटॉप सोलर की कुल स्थापित क्षमता 430 मेगावाट तक पहुंच गई है। यह पंजाब सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने की अपील की और बताया कि 2 किलोवाट तक 30,000 रुपये प्रति किलोवाट, 2-3 किलोवाट तक 18,000 रुपये प्रति किलोवाट, और 3 किलोवाट के लिए कुल 78,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

PSPCL ने रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित नोडल दफ्तर शुरू किया है। इस दफ्तर से 9646129246 पर कॉल या rts.ipc@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने साफ और टिकाऊ ऊर्जा को अपनाने के लिए कई पहल की हैं। इन पहलों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना और राज्य को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *