सावधान! भाखड़ा बांध जलस्तर में गिरावट, पंजाब में पानी और बिजली संकट का खतरा भाखड़ा प्रबंधन ने दी चेतावनी, मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी महीनों में सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई। राज्यों को पानी की मांगों में सावधानी बरतने की सलाह।

0
Screenshot (301)

चंडीगढ़: पंजाब और पड़ोसी राज्यों के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने एक अहम चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में साल के पहले तीन महीनों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसके चलते भाखड़ा और पौंग बांधों में जलस्तर गिर सकता है, जिससे पानी और बिजली संकट पैदा होने की आशंका है।

भाखड़ा बांध में इस समय जलस्तर कुल क्षमता का केवल 43% है, जबकि पिछले 10 वर्षों की औसत 61% होती है। बोर्ड ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश को आगाह किया है कि वे पानी की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए अपनी मांगों की योजना बनाएं।

बीबीएमबी के अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए राज्यों को पहले से सावधानी बरतने की जरूरत है। 3 जनवरी तक भाखड़ा बांध में पानी की आवक 4,700 क्यूसिक और निकासी 10,000 क्यूसिक थी, जबकि पौंग बांध में पानी की आमद 2,600 क्यूसिक और निकासी 13,000 क्यूसिक दर्ज की गई।

हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 5 और 6 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन यदि बारिश में कमी बनी रहती है, तो पंजाब और अन्य राज्यों को पानी और बिजली संकट से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :