उत्तर प्रदेश में एक मुख्यमंत्री और दूसरे उप मुख्यमंत्री को जनता ने हरा दिया-अखिलेश यादव

0
Akhilesh Yadav

गोरखपुर और फूलपुर में पार्टी प्रत्याशी की जीत से गदगद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक मुख्यमंत्री और दूसरे उप मुख्यमंत्री को जनता ने हरा दिया है। यह सामाजिक न्याय की जीत है। जनता ने कर्जमाफी, नोटबंदी, जीएसटी और भय के वातावरण का जवाब दिया है। लोकसभा चुनावों में बसपा से गठबंधन के बाबत एक सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में समय आने पर विचार किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं के जश्न के बीच पार्टी मुख्यालय पहुंचे अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत में बसपा प्रमुख मायावती सभी दलों को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। कहा कि यूपी से राजनीतिक संदेश निकलते हैैं। सीएम जहां कि वे खुद कभी नहीं हारे, वहां पार्टी की जीत हुई है। इसी तरह दूसरा क्षेत्र डिप्टी सीएम का रहा है। इस परिणाम ने बता दिया है कि आनेवाले दिनों में देश का चुनाव कैसा होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में संविधान की धज्जियां उड़ाईं। मैैं हिंदू हूं, ईद नहीं मनाता। एनकाउंटर कर दो, तोड़ देंगे जैसे शब्द सदन में कहे गए। हमें सांप-छंछूदर, चोर-चोर मौसेरे भाई औरंगजेब की पार्टी तक कहा गया। लेकिन, गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलित भाइयों ने इसका जवाब दे दिया।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वायदे किए, वे पूरे नहीं किए। केंद्र और प्रदेश के बजट ने निराश किया। इस वादाखिलाफी के लिए जनता ने वोट किया है। कल तक कह रहे थे कि हमारे कारनामे बोलते हैैं। आज जनता ने जवाब दे दिया है। भाजपा देश और समाज का नुकसान कर रही है। जातियों और धर्मों में संघर्ष कराने की कोशिश कर रही है। राष्ट्रवाद के नाम पर जनता को फरेब देने का काम कर रही है। जो सरकार जनता को दुख देती है, समय आने पर जनता जवाब देती है।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह मायावती को मिलकर बधाई देंगे, अखिलेश ने सवाल को टालते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही जीत मिली है। ईवीएम को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि बैलट पेपर से चुनाव होते तो भाजपा एक लाख से अधिक वोट से हारी होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *