महागठबंधन बन गया होता तो केन्द्र में हम मजबूत राजनीतिक विकल्प होते-शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि महागठबंधन बन गया होता तो केन्द्र में हम मजबूत राजनीतिक विकल्प होते। उन्होंने कहा कि सहकारिता चुनाव में भाजपा की तैयारियों से फर्क नहीं पड़ेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव पाल सिंह यादव ने आज यहाँ बताया कि यूपी में नए राजनीतिक विकल्प की घोषणा बहुत करीब है और इसके लिए लोगों से हाथ उठवाकर सहयोग की गारंटी मांगी।
उन्होंने कहा कि नया राजनीतिक सफर किसानों और नौजवानों की लड़ाई के लिए शुरू किया जाएगा। उन्होंने फिर दोहराया कि कई राजनीतिक दलों को जोड़कर महागठबंधन बनाने की योजना अगर मूर्त रूप में आ जाती तो न केवल यूपी में हमारी सरकार होती बल्कि केन्द्र में भी हम एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बन गए होते। पूरे कार्यक्रम में कहीं भी सपा का झंडा नजर नहीं आया। सपा पदाधिकारी और पूर्व विधायक शिव पाल सिंह यादव के कार्यक्रम से दूर रहे। शिवपाल की गाड़ियों पर भी सपा के झंडे नहीं लगे थे। कम्पिल में नगर पंचायत अध्यक्ष उदय पाल यादव के पिता के मूर्ति अनावरण समारोह में शिवपाल सिंह ने कहीं पर निगाहें रखीं और कहीं पर निशाना लगाया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने किसानों और नौजवानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार को घेरे में लिया। साथ ही बताया कि नये राजनीतिक विकल्प की घोषणा जल्द होगी। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि यह लड़ाई बड़ी है और यह जनता जनार्दन के सहयोग के बिना पूरी नहीं होगी। उन्होंने नए राजनीतिक विकल्प के लोगों से हाथ उठवाकर सहयोग की गारंटी मांगी। उन्होंने सहकारिता चुनाव में भाजपा की तैयारियों की चिंता किये बिना मैदान में डटने और जीतने की बात कही। पूर्व विधायक इजहार आलम खान, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वास गुप्ता, डॉ. जितेन्द्र यादव और ब्लाक प्रमुख राशिद जमाल खान के अलावा कोई सपा नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ।