लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी:बसपा प्रदेश अध्यक्ष आर.एस कुशवाहा
यूपी के उन्नाव जिले में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए। इतना ही नहीं उन्होने बीजेपी को आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए एक चुनौती भी दे डाली।
शहर के पीडी नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद सामुदायिक केंद्र में रविवार बसपा ने जिला पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष आर.एस कुशवाहा ने केंद्र सरकार पर पिछड़े वर्ग के साथ भेदभाव व धोखा करने का आरोप मढ़ा।
सरकार पर पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा का आरोप लगाया
बहुजन समाज पार्टी प्रदेश के अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए। कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने पिछड़ी जाति के समर्थन से भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर करने की बात कही। मंडल जोन को-आर्डीनेटर रामसेवक पाल व भाईचारा संगठन मंडल प्रमुख राजीव रतन मौर्या ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को सर्व समाज का नेता बताया कि बसपा ने कभी भेदभाव की राजनीति नहीं की है। कार्यक्रम का संचालन मूलचंद्र लोधी ने किया।
