April 29, 2024

चुनाव नजदीक आने के साथ बढ़ रही भाजपा नेतृत्व की घबराहट: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा नेतृत्व की घबराहट बढ़ती जा रही है। कैराना, गोरखपुर, फूलपुर व नूरपुर उपचुनाव में मिली करारी मात से भाजपा के होश उड़े हुए हैं। विपक्ष को कोसना और नफरत फैलाना ही उसका एजेंडा रह गया है।

अखिलेश ने यहां जारी बयान में कहा, भाजपा को लगता है कि जो गठबंधन आकार ले रहा है वह उसकी दिल्ली दौड़ में बड़ा अवरोधक साबित होगा। फिर से सिंहासन पर बैठने के उनके इरादों में कामयाबी नहीं मिलेगी। भाजपा उत्तर प्रदेश के चाहे जो दावा करती रहे पर जनता ने प्रदेश से भाजपा का सफाया करने का लक्ष्य तय कर लिया है।

सपा अध्यक्ष ने कहा, जनता की समस्याओं के निदान पर सोचने के बजाय भाजपा नेतृत्व बस मुद्दों को भटकाने की ही कवायद करता रहता है। मेरठ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सिर्फ  विपक्ष को कोसने और सामाजिक नफरत की राजनीति को धार देने की ही कोशिश की गई। गरीबों, पीड़ितों, वंचितों तथा समाज के कमजोर वर्गों के लिए उसमें कोई संदेश नहीं।

2019 में भाजपा को समर्थन नहीं देगी जनता

लोक लुभावन घोषणाओं के साथ हिटलर के प्रचार मंत्री गोएबल्स की राह पर चलते हुए एक झूठ को सौ बार दुहराने की कला में पारंगत भाजपा नेतृत्व अब चाहे जितने जतन कर ले, यूपी में रैली, मंथन और विश्राम की परंपरा अपना ले, 2019 के चुनावों में जनता किसी भी तरह उनको समर्थन देने से रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com