बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

0
bye-election

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार, बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को कराई जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।

इन कारणों से खाली हुईं तीनों सीटें

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण रिक्त हुई, जबकि गुजरात की मंजलपुर सीट विधायक योगेशभाई नारनदास पटेल के निधन के बाद खाली हुई है।

आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू

निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के माध्यम से कराया जाएगा। आयोग ने राज्यों के चुनाव अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राजनीतिक दलों के लिए अहम परीक्षा

इन तीनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव को राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रमुख दल अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तैयारी में जुटेंगे। उपचुनाव के नतीजों को आगामी चुनावी रणनीतियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :