WhatsApp यूजर्स की बढ़ी चिंता! ऐप में मिलीं कई खामियां, हैकर्स की नजर निजी डेटा पर
CERT-In ने Android, iOS और Desktop यूजर्स को किया अलर्ट, पुराने वर्जन में सुरक्षा कमजोरियों के चलते चैट और फाइलों पर मंडरा रहा खतरा।
WhatsApp की सुरक्षा को लेकर एक नया साइबर अलर्ट जारी किया गया है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने ऐप के कुछ पुराने वर्जन में कई गंभीर तकनीकी खामियों की पहचान की है। इन कमजोरियों के चलते यूजर्स की निजी जानकारी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ सकती है। एजेंसी के मुताबिक, यह समस्या सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं है, बल्कि Android, iOS और Desktop पर WhatsApp चलाने वाले यूजर्स भी प्रभावित हो सकते हैं। इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस में खतरनाक कोड चला सकते हैं और निजी डेटा तक अनधिकृत पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
फाइल और लिंक के जरिए हो सकता है हमला
सुरक्षा संबंधी कमजोरियां इनपुट वैलिडेशन, मेमोरी मैनेजमेंट और मीडिया फाइलों को प्रोसेस करने से जुड़ी बताई गई हैं। साइबर अपराधी विशेष रूप से तैयार की गई फाइलों या संदिग्ध लिंक के जरिए इनका फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। इससे ऐप के कामकाज में बाधा आने और निजी जानकारी खतरे में पड़ने की आशंका है।
सुरक्षित रहने के लिए क्या करें?
CERT-In ने यूजर्स को सुरक्षा के लिए WhatsApp का नवीनतम उपलब्ध वर्जन इस्तेमाल करने की सलाह दी है। यूजर्स Google Play Store या Apple App Store से ऐप अपडेट कर सकते हैं। साथ ही अनजान लिंक और फाइलों को खोलने से बचें और Linked Devices में जुड़े उपकरणों की जांच करते रहें।
