...

उत्तराखंड में चुनावी बिगुल से पहले BJP का बड़ा प्लान, हर सीट पर जीत के लिए शुरू होगा अभियान

0
raj-1

हरिद्वार की कार्यसमिति में बनेगी आगे की रणनीति, राजनाथ सिंह की मौजूदगी में संगठन को मिलेगा चुनावी मंत्र

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। प्रदेश की सत्ता में दोबारा मजबूत वापसी के साथ सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से भाजपा अब संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने में जुट गई है। हरिद्वार में प्रस्तावित विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को इसी चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।

इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी खास रहने वाली है। उनके मार्गदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता आगामी चुनाव की चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर चर्चा करेंगे। भाजपा की रणनीति है कि चुनाव से पहले सरकार के कामकाज को जनता के सामने प्रभावी तरीके से रखा जाए और संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएं।

प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में प्रत्याशी भले ही 70 होंगे, लेकिन मुकाबला पूरी पार्टी को मिलकर लड़ना होगा। इसके लिए प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संगठन को आगामी चुनाव के प्रति गंभीर रहने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर चुनौती का मजबूती से सामना करने का आह्वान किया। पार्टी का जोर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने पर रहेगा।

वहीं, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शक्ति केंद्रों पर चल रहे बूथ सशक्तीकरण अभियान को जल्द पूरा करने की तैयारी है, ताकि चुनाव से पहले संगठन की जमीनी व्यवस्था दुरुस्त की जा सके। हरिद्वार में आयोजित होने वाली दो दिवसीय बैठक में पहले दिन संयुक्त मोर्चों और प्रकोष्ठों के साथ चर्चा होगी। दूसरे दिन प्रदेश कार्यसमिति की विस्तृत बैठक में चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर मंथन किया जाएगा। इस दौरान सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों, संगठन की सक्रियता और विपक्ष की संभावित रणनीति पर भी चर्चा होगी।

भाजपा की इस पूरी कवायद का मकसद चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और प्रदेश की सभी 70 सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ मजबूत चुनावी माहौल तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :