...

श्रीकृष्ण पर बयान देकर घिरे धीरेंद्र शास्त्री, आगरा कोर्ट में पहुंचा मामला

0
215484-kvyqptwcxo-1788879152

भगवान कृष्ण को लेकर टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि की शिकायत, अदालत ने 14 दिसंबर को सुनवाई तय की

आगरा। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए उनके एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में आगरा की अदालत में उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शास्त्री की टिप्पणी से भगवान कृष्ण के वंशजों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। यह शिकायत अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने आगरा सिविल कोर्ट में दाखिल की है। मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित एक रामकथा के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है। आरोप है कि प्रवचन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की खड़े होने की मुद्राओं की तुलना करते हुए कहा था कि भगवान कृष्ण तीन स्थानों से टेढ़े होकर खड़े होते हैं। इस टिप्पणी को लेकर शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताई है।

कृष्ण के वंशजों की भावनाएं आहत होने का आरोप

अजय प्रताप सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण द्वापर युग में मानव रूप में अवतरित हुए थे और उनके वंशज आज भी भारत में निवास करते हैं। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में जादून, जडेजा और भाटी समुदायों का ऐतिहासिक उल्लेख किया। साथ ही शिकायतकर्ता ने अपनी ननिहाल की ओर से भगवान कृष्ण का वंशज होने की बात भी कही है।

अदालत में अब 14 दिसंबर को होगी सुनवाई

इस शिकायत पर सिविल जज कंचन कुमार की अदालत में शुरुआती सुनवाई हुई। अदालत ने मामले को दर्ज करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 14 दिसंबर तय की है। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

वहीं, यह विवाद राजनीतिक बयानबाजी के बीच भी चर्चा में है। इससे एक दिन पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजकों और प्रायोजकों से विवादित उपदेशकों को मंच देने से बचने की अपील की थी। उनके बयान पर भाजपा नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :