चमोली में बड़ा सड़क हादसा, पिकअप और कार की टक्कर में आठ घायल
बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास हुआ हादसा, चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जोशीमठ किया गया रेफर
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क हादसे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार शाम लामबगड़ के पास पिकअप वाहन और राजस्थान नंबर की कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। वाहनों में सवार लोग घायल हो गए, वहीं दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य संभाला। फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गंगनानी हादसे के बाद एक और दुर्घटना
उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले उत्तरकाशी के गंगनानी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए नदी में गिर गई थी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। वाहन में गुजरात के यात्री सवार थे। लगातार हो रही दुर्घटनाएं प्रदेश में सड़क सुरक्षा की चुनौती को उजागर कर रही हैं।
