उत्तराखंड की 315 ग्रामीण सड़कों के प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध, CM धामी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात

0
cm 2

610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने की योजना, केंद्र ने प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों के निर्माण और प्रस्तावों की स्वीकृति को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रस्तावित सड़कों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में ग्रामीण विकास के लिए सड़क संपर्क का विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़कों के निर्माण से सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड द्वारा प्रस्तुत सड़क निर्माण के प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों का निर्माण ग्रामीण आबादी को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :