यूजेवीएनएल की 136वीं बोर्ड बैठक में 600 मेगावाट इछाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना की डीपीआर मंजूर

0
uj 2

लखवाड़ परियोजना के विद्युत यांत्रिक कार्यों, कार्मिक हितों और वित्तीय

प्रबंधन से जुड़े प्रस्तावों को भी मिली स्वीकृति

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 136वीं बैठक में निगम की प्रमुख परियोजनाओं, वित्तीय प्रबंधन और कार्मिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्य सचिव एवं निगम अध्यक्ष  आनंद बर्द्धन ने की।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक  अजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड की विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निदेशक मंडल ने 600 मेगावाट क्षमता की इछाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को स्वीकृति प्रदान की है।

उन्होंने बताया कि इछाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना से पीक आवर्स में प्रतिवर्ष लगभग 1,246 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का अनुमान है। परियोजना के माध्यम से ऊर्जा भंडारण क्षमता विकसित करने और अधिकतम मांग के समय बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही अन्य राज्यों एवं संस्थानों से बिजली पर निर्भरता कम करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। हालांकि, परियोजना का वास्तविक आर्थिक लाभ विद्युत उपलब्धता, परिचालन लागत और प्रचलित बिजली दरों जैसे कारकों पर निर्भर करेगा।

बैठक में 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के विद्युत यांत्रिक कार्यों से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, परियोजना के विभिन्न हाइड्रो-मैकेनिकल कार्यों की निविदाएं तैयार करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इन निर्णयों से परियोजना के आगामी कार्यों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

निदेशक मंडल ने पेंशन योजना के लाभ से आच्छादित नहीं होने वाले कार्मिकों के हित में अनुग्रह क्षतिपूर्ति धनराशि से संबंधित प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वैधानिक लेखापरीक्षक की नियुक्ति तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 की लागत लेखापरीक्षा रिपोर्ट को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव वित्त दिलीप जावलकर, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पाण्डे एवं पराग गुप्ता, निदेशक परिचालन  जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी एवं आशीष कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :