कांग्रेसियों से बर्बरता पर राजबब्बर बोले-योगी और मोदी की बाउंसर बनी पुलिस : राजबब्बर
युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज पर विरोध जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने भाजपा पर विपक्ष को कुचलने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों से निपटने में नाकाम पुलिस योगी-मोदी के बाउंसर की तरह कार्य रही है। देश में अपराधकाल चल रहा है और कांग्रेसी नौजवानों ने इसको समाप्त करने का बीड़ा उठाया है।
मोदी को हिटलर का वंशज बताया
आज शाम पत्रकार वार्ता के दौरान राजबब्बर और अन्य नेताओं ने अपने गुस्से का इजहार किया। राजबब्बर ने कहा कि मुंबई में प्रधानमंत्री ने जिन शब्दों का एक महान नेता के विरुद्ध प्रयोग किया, वह वास्तव में भाजपा शासकों पर ही सटीक सिद्ध होता है। सही मायने में ये ही हिटलर के वंशज हैं। देश-प्रदेश में जो बर्बरता दिखाई दे रही है, ऐसे उदाहरण पहले कभी देखने को नहीं मिले। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, किसान, बेरोजगार व युवाओं की समस्याएं हल करने के बजाए लाठी बरसायीं जा रही है। पुलिस अपनी वर्दी की गरिमा त्यागकर निजी बाउंसर जैसा काम कर रही है। अपराधियों पर काबू करने के बजाए पुलिस योगी-मोदी की बाउंसर बनी है।
जातिसूचक सूचक गालियां देने का आरोप
युवक कांग्रेस के अध्यक्ष केशव चंद यादव ने कई पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए उन पर जातिसूचक शब्द प्रयोग करने और गालियां देने का आरोप भी लगाया। कहा, पुलिस का ऐसा बर्बर बर्ताव कभी नहीं देखा। हास्पिटल से घायलों को भगाया गया। इस अत्याचार के खिलाफ शांत नहीं बैठा जाएगा। उपाध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि युवक कांग्रेस कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भाजपा सरकारों की विफलताओं के खिलाफ आंदोलन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने बताया कि पुलिसिया तांडव के खिलाफ जीपीओ चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट बुधवार को धरना दिया जाएगा। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।