राजस्थान से लॉन्च हुआ AI आधारित “भारत-VISTAAR” फेज 1
किसानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर परामर्श, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं की सुविधा
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर में AI आधारित “भारत-VISTAAR” (भारत विस्तार) योजना के फेज 1 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसान-केंद्रित AI हैकथन और एग्री-कोष AI स्ट्रेटेजी रोडमैप का अनावरण किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाना है, ताकि वे स्मार्टफोन या साधारण मोबाइल फोन से ही कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें। भारत-VISTAAR के तहत किसान 155261 नंबर पर डायल कर अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे और उन्हें तत्काल समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। इसी सुविधा से विभिन्न मंडियों के बाजार भाव की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
योजना में बहुभाषी संवादात्मक परामर्श प्रणाली की सुविधा दी गई है, जिसमें सवाल पूछने पर किसानों को उनकी स्थानीय भाषा में उत्तर मिलेगा। शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी से की गई है, जबकि निकट भविष्य में कई अन्य भारतीय भाषाओं को जोड़ा जाएगा।
श्री चौहान ने बताया कि भारत-VISTAAR के अंतर्गत किसान पहचान (किसान आईडी) की व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे किसानों की समग्र जानकारी एकीकृत रूप में उपलब्ध रहेगी। फिलहाल पीएम फसल बीमा योजना और सॉइल हेल्थ कार्ड जैसी प्रमुख सेवाओं को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, और आगे चलकर अन्य योजनाओं व सेवाओं का एकीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह पहल किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, जोखिम कम करने और निर्णय-निर्माण को बेहतर बनाने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में विकसित किसान की भूमिका अहम है। उन्होंने विश्वास जताया कि AI आधारित तकनीक और डिजिटल परामर्श प्रणाली किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी ने इसे किसानों को विभिन्न प्लेटफॉर्मों के बजाय एकीकृत डिजिटल समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट ने भारत-VISTAAR को भारतीय कृषि के डिजिटल एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
भारत-VISTAAR प्लेटफॉर्म AgriStack, ICAR, भारतीय मौसम विभाग (IMD), मंडी मूल्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के संसाधनों को जोड़ते हुए किसानों को परामर्श, सेवाएं, ऋण, बीमा और बाजार जानकारी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखता है।

