G-20 देशों में सबसे तेज रहेगी भारत की GDP वृद्धि: मूडीज़
मजबूत बैंकिंग सिस्टम, घरेलू खपत और नीतिगत समर्थन से 2026-27 में 6.4% ग्रोथ का अनुमान
वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था G-20 देशों में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली बनी रहेगी। अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज़ के अनुसार, भारत की GDP वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026-27 में 6.4 प्रतिशत रह सकती है।
मूडीज़ ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मजबूत बैंकिंग प्रणाली, स्थिर नीतिगत माहौल और घरेलू खपत में मजबूती भारत की आर्थिक वृद्धि को समर्थन दे रही है। वैश्विक मंदी के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति में बनी हुई है।
रेटिंग एजेंसी के मुताबिक, बैंकिंग सेक्टर में पूंजी की पर्याप्त उपलब्धता और कर्ज की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। इससे ऋण विस्तार को बल मिलेगा और निवेश गतिविधियां तेज होंगी। हालांकि, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) पर कुछ दबाव बना रह सकता है।
मूडीज़ ने यह भी कहा कि रेपो रेट में कटौती तभी संभव होगी, जब महंगाई में स्थायी नरमी और आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती के स्पष्ट संकेत मिलें। फिलहाल, महंगाई नियंत्रण में है और विकास की गति संतुलित बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी कंपनियों की बैलेंस शीट मजबूत बनी रहेगी, जिससे कॉरपोरेट लोन की गुणवत्ता बेहतर होगी और बैंकिंग सिस्टम पर जोखिम कम रहेगा।
