सरसों में मिट्टी-रेत मिलाने वालों पर गिरेगी गाज! प्रशासन सख्त, मंडियों में हुई सख्ती शुरू वज़न बढ़ाने के लिए की जा रही मिलावट पर नगराधीश ने दी चेतावनी, पकड़े जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
चरखी दादरी : अनाज मंडी में इन दिनों सरसों और गेहूं की आवक तेज़ हो गई है। इसी बीच वज़न बढ़ाने के लिए सरसों में मिट्टी और रेत मिलाने की शिकायतों ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। नगराधीश जितेंद्र कुमार ने मंडी निरीक्षण के दौरान साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर किसी भी आढ़ती द्वारा मिलावट पाई गई, तो तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरसों को साफ-सुथरे ढंग से छांटकर ही बोरियों में भरा जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस समय मंडी में सरसों की जोरदार आवक देखने को मिल रही है। अब तक जिले में लगभग 90,000 क्विंटल से ज्यादा सरसों लाई जा चुकी है, जिसमें से केवल 25,000 क्विंटल की खरीद ही हो पाई है। उठान प्रक्रिया धीमी होने से मंडियों में सरसों के ढेर लग चुके हैं।
उधर, 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद भी शुरू हो चुकी है, लेकिन अधिक नमी (14% से ज्यादा) के चलते फिलहाल खरीद पर रोक है।
नगराधीश ने मार्केट कमेटी और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसान और आढ़ती किसी भी प्रकार की परेशानी का शिकार न हों और खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रहे। मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने भी भरोसा दिलाया कि सरसों के उठान में तेजी लाई जाएगी।
