पंजाब में सर्दी का इंतजार लंबा, नवंबर में बढ़ते तापमान और स्मॉग ने बढ़ाई मुसीबतें 15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं, तापमान सामान्य से ऊपर, चंडीगढ़ में AQI रेड जोन में पहुंचा
पंजाब डेस्क: नवंबर का पहला सप्ताह खत्म होने के बावजूद पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि सुस्त मानसून के बाद सर्दी भी देर से दस्तक देगी। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री और चंडीगढ़ का 4.4 डिग्री अधिक है।
IMD के अनुसार, नवंबर का महीना सामान्य से गर्म रहने वाला है और 15 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। पंजाब के प्रमुख शहरों का तापमान अभी भी 28 से 30 डिग्री के बीच है। चंडीगढ़ में तापमान 29.8 डिग्री, अमृतसर में 28.1 डिग्री, लुधियाना में 29 डिग्री, पटियाला में 29.7 डिग्री, और बठिंडा में 32.6 डिग्री तक दर्ज किया गया।
राज्य में बढ़ते तापमान के साथ-साथ प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। चंडीगढ़ का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 302 दर्ज किया गया, जो इसे “रेड जोन” में रखता है। अधिकतम AQI 383 तक पहुंच गया है। स्मॉग के कारण वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद ही पंजाब में ठंडक और तापमान में गिरावट आएगी। फिलहाल, लोगों को सर्दी और बारिश का इंतजार करना होगा।
