भवानीगढ़: पंजाब में सर्दी के साथ ही घने कोहरे का कहर बढ़ने लगा है। मंगलवार सुबह चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे पर भवानीगढ़ के बलियाल कट के पास पीआरटीसी बस और डीएपी खाद से लदे ट्रक-ट्रॉले के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब ट्रक सर्विस लेन में मुड़ने की कोशिश कर रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग तेज धमाके की आवाज सुनकर डर गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में बस कंडक्टर समेत करीब छह यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई।
घायलों को तुरंत शहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है।