पंजाब के मौसम का बदला मिजाज: बढ़ती गर्मी के बीच बारिश का अलर्ट जारी तेज धूप के बाद आज पंजाब के कई जिलों में बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट की उम्मीद।
जालंधर: पंजाब में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। बीते दिन चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे औसत तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं, जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, कपूरथला, मोगा, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में हल्की बारिश के आसार हैं।
गर्मी के कारण राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ा है। वर्तमान में फरीदकोट का तापमान 39.5 डिग्री, बठिंडा 37.9 डिग्री, लुधियाना 36.3 डिग्री और अमृतसर 35.4 डिग्री तक दर्ज किया गया है। तेज धूप के चलते अधिकांश जिलों में तापमान 36 से 40 डिग्री तक पहुंच चुका है।
अगर आज बारिश होती है, तो इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि लोगों को चिलचिलाती गर्मी से भी राहत मिलेगी।
