Punjab के नवांशहर थाने में संदिग्ध बमनुमा वस्तु मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
थाना काठगढ़ के अंतर्गत पुलिस थाना आंसरों में मिला संदिग्ध उपकरण, उच्च अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा
नवांशहर: पंजाब में थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की खबरें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला थाना काठगढ़ के अंतर्गत पुलिस थाना आंसरों से सामने आया है, जहां थाने के अंदर एक संदिग्ध बमनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और गहराई से जांच शुरू कर दी।
सुबह से अधिकारी मौके पर मौजूद
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवांशहर डॉ. मेहताब सिंह, एसपी (डी) डॉ. मुकेश कुमार, डीएसपी बलाचौर शाम सुंदर शर्मा और एसएचओ काठगढ़ रणजीत सिंह घटनास्थल पर मौजूद हैं। बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान आने का इंतजार
सूत्रों के अनुसार, थाने के अंदर संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि हुई है, लेकिन पुलिस अधिकारी इस पर कोई ठोस बयान नहीं दे रहे हैं। इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट साझा कर सकती है।
