सड़क हादसे में बाल-बाल बचे अनंत कुमार हेगड़े, कहा बड़ा षड्यंत्र है

0
news-13-12

कर्नाटक के हलगेरी में मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की थी, लेकिन कार की रफ्तार अधिक होने के कारण उनकी कार आगे निकल गई।

वहीं, हेगड़े को एस्कॉर्ट करने वाली कार से ट्रक जा भिड़ा। रात करीब 11:30 बजे हुई इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक के ड्राइवर को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर नासिर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस बीच हेगड़े ने आशंका जताई है कि उनकी कार को जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है। उन्होंने इस पूरी घटना के बारे में अपने ट्विटर पेज पर जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट में लिखा कि इस घटना में उनका एक स्टाफ बुरी तरह जख्मी हो गया है, उसका कंधा टूट गया है। इसके साथ ही उन्होंने घटनास्थल पर का एक वीडियो भी अपलोड किया है।

उन्होंने पुलिस से उम्मीद जताई कि वे इस घटना की पूरी छानबीन करेंगे। हेगड़े ने कहा कि आरोपी चालक से सख्ती से पूछताछ करनी चाहिए। उन्होंने इस घटना पर शक जताते हुए कहा है कि यह सब किसी बड़े षड़यंत्र की कोशिश है। मुझे भरोसा है कि पुलिस इस बात की खुलासा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *