एनएच-74 घोटाला: कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय से SIT ने की पूछताछ
उत्तराखंड के चर्चित एनएच-74 मुआवजे के घोटाले की जांच की आंच अब कांग्रेस के नेताओं तक पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने बुधवार को देहरादून में इस घोटाले के संबंध में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय से पूछताछ की है। एसआईटी ने उपाध्याय से राज्य के विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के नाम से खोले गए खातों के बारे में जानकारी मांगी है।
भारतीय स्टेट बैंक में खोले गए इन खातों में विधानसभा चुनाव के दौरान करोड़ों रुपए की राशि जमा की गई थी। इन खातों में जमा हुए करोड़ों रुपयों को एनएच-74 घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। हाईवे के लिए हुए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की राशि इन खातों में जमा होना बताई जा रही है।
करीब तीन सौ करोड़ रुपए का ये घोटाला वर्ष 2011 से 2013 के बीच हुआ था। इसमें हाईवे के जमीन अधिग्रहण के लिए लैंड यूज बदल दिया गया था।
किशोर उपाध्याय से एसआईटी की इस पूछताछ के बाद प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। एसआईटी की पूछताछ के बाद किशोर उपाध्याय ने कहा कि बैंक खातों के बारे में मुझसे एसआईटी अधिकारियों ने पूछा है। इन खातों की सारी जानकारी एसआईटी को दे दी गई है. खातों में हुआ लेन-देन पूर्णतय: वैध है।