उत्तराखंड:दूरस्थ क्षेत्र रतगांव देश की आजादी के सात दशक बाद बिजली से रोशन होगा

0
electricity

चमोली जिले के विकासखंड थराली के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्र रतगांव देश की आजादी के सात दशक बाद बिजली से रोशन होगा। रतगांव को अब भी बिजली के लिए इंतज़ार करना पड़ता अगर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के आफिशियल ‘मोबाइल एप’ पर शिकायत दर्ज नहीं करवाई जाती। ऐप पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के उच्चाधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय को यूपीसीएल अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य को करने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है निविदा खोलने के उपरांत 28 फरवरी तक विद्युतीकरण का कार्य आवंटित कर दिया जाएगा।  रतगांव में आगामी जून तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। यूपीसीएल ने गांव को केंद्र पोषित दीन दयाल ग्राम ज्योति विद्युतीकरण योजना के जरिए बिजली से रोशन करने के लिए कार्रवाई शुरू की है।

दरअसल, क्षेत्र निवासी प्रदीप सिंह फरस्वाण ने बीती सात फरवरी  को मुख्यमंत्री के मोबाइल ऐप पर रतगांव की जनसमस्याओं के संबंध में शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में कहा गया था कि आजादी के इतने साल बाद भी विकासखंड थराली के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्र रतगांव में रह रहे चार सौ से अधिक परिवार आज भी बिजली की रोशनी से वंचित हैं।

राज्य गठन से पहले से गांव के विद्युतीकरण के लिए शासन प्रशासन से लगातार मांग की जाती रही लेकिन  इतनी ब़ड़ी आबादी वाले इस गांव में अब तक बिजली की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *