आज से एहतियाती खुराक के लिए स्लॉट बुकिंग शुरू, जानें कैसे और कब मिलेगा प्रिकॉशन डोज
देश में कोरोना और कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का ग्राफ एकबार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। जानकारों की मानें तो देश में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है और फरवरी के मध्य में ये पिक पर होगा। आशंका है कि उस दौरान देश में रोजाना 5 लाख तक कोरोना के नए केस सामने आ सकते हैं। कोरोना के इस कहर से निपटने के लिए देश में टीकारण की अभियान को और तेज किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक टीका लगवाने के इच्छुक ऑनलाइन आवेदन करके स्लॉट बुक कर सकते हैं या फिर सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका लगवाने का समय ले सकते हैं।
आपको बता दें कि 25 दिसंबर को अपने देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और बुजुर्गों को वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक लगाए जाने का अभियान 10 जनवरी से शुरू करने का एलान किया था।
स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के मुताबिक इस अभियान के तहत फिलहाल एक ही टीका लगाया जाना है। इसमें किसी भी तरह के मिश्रण (मिक्स-मैच) यानि दो अलग-अलग वैक्सीन की खुराक लगाए जाने की अनुमति नहीं होगी। यानी जिन लोगों को कोवैक्सिन की पहली और दूसरी खुराक दी गई थी, उन्हें ‘एहतियाती खुराक’ के तौर पर कोवैक्सिन का ही डोज लेना होगा। इसी तरह जिन्हें कोविशील्ड की पहली और दूसरी खुराक मिल चुकी है, उन्हें तीसरी और अतिरिक्त खुराक में कोविशील्ड का टीका ही लगेगा। ऐसे में टीकाकरण केंद्र पर इस बात का जरूर ध्यान रखें।
