तेलंगाना और छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर मुठभेड़ के बाद 6 नक्सली ढेर
तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाके किस्ताराम थाना सीमा के वन क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए हैं। तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के एसपी सुनील दत्त ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “यह तेलंगाना पुलिस, छत्तीसगढ़ पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान है।”
पुलिस ने आगे कहा कि यह कार्रवाई तेलंगाना ग्रे हाउंड्स और नक्सलियों के बीच हुई। पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
जिले में नक्सल विरोधी अभियानों में लगे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए आईईडी लगाए गए थे। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, नक्सली तत्व जिले में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते हुए आईईडी लगा रहे हैं, क्योंकि वे अबुजमाड़ और बस्तर क्षेत्रों में स्थानीय लोगों का समर्थन खो रहे हैं।
एक अधिकारी ने पीटीआई के हवाले से कहा, “पिछले कुछ महीनों में जिले के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में तलाशी तेज कर दी गई है।”
