यूपी के सरकारी स्कूलों में बढ़े 50 लाख बच्चे, सीएम बोले-कोई बच्चा पढ़ाई छोड़कर घर नहीं बैठेगा

yogi

उत्तर प्रदेश में बच्चों की पढ़ाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा विभाग के अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं और उन्होंने कहा कि अब से राज्य में कोई भी बच्चा पढ़ाई छोड़कर घर नहीं बैठेगा. उन्होंने कहा कि निपुण भारत योजना शिक्षा की मूलभूत इकाई पर काम करने जा रही है और इससे स्कूलों में पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या का भी समाधान होगा. उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू हो जाने के बाद कोई भी बच्चा घर छोड़कर घर पर नहीं बैठेगा. उन्होंने कहा इसके साथ ही नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.

दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के विकास भवन में स्थित अत्याधुनिक कुशल भारत निगरानी केंद्र का उद्घाटन करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा, शिक्षा की मूलभूत इकाई है. इसके लिए प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जीआईएस आधारित स्कूल वार परफॉर्मेंस किट मैप, लर्निंग आउटकम मैप को निपुण (नेशनल इनिशिएटिव फॉर प्रवीणता इन रीडिंग विद अंडरस्टैंडिंग एंड न्यूमेरेसी) योजना के तहत शुरू किया गया है.

राज्य में साढ़े चार साल पहले स्कूलों की हालत थी दयनीय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मेरे लिए इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि 2017 में जब उन्होंने सरकार जिम्मेदारी संभाली थी, उस समय बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में एक करोड़ 30 लाख बच्चे पंजीकृत थे. लेकिन उस समय स्कूलों की हालत काफी दयनीय थी और बच्चे स्कूल नहीं जाते थे. लेकिन पिछले साढ़े चार साल में बेसिक शिक्षा परिषद ने अच्छा प्रदर्शन किया है और तकनीक अपनाकर न केवल पारदर्शी तरीके से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की है, बल्कि छात्रों और शिक्षकों के अनुपात में सुधार हुआ है.

यूपी के सरकारी स्कूलों में बढ़े 50 लाख बच्चे

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश संभवत दुनिया का पहला राज्य है, जिसमें बेसिक शिक्षा परिषद में छात्रों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि करीब 50 लाख नए बच्चों ने स्कूलों में दाखिले लिए हैं. सीएम योगी ने कहा कि राज्य में बीजेपी सरकार ने स्कूलों में कक्षाओं, फर्नीचर, शौचालय, शुद्ध पेयजल, स्मार्ट क्लासेज की व्यवस्था की गई है और इसके कारण राज्य के सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है.