राष्ट्रीय बेरोजगार दिवसः पकौड़े तलकर और बेरोजगारी मेला लगाकर कांग्रेस ने किया केन्द्र की नीतियों का किया विरोध
दस्तावेज डेस्क। कांग्रेस की युवा इकाई ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाया। और देश भर में बेरोजगारी एवं महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. की अगुवाई में संगठन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी एवं महंगाई के मुद्दे पर मार्च निकाला। युकां अध्यक्ष श्रीनिवास ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता पर बेरोजगारी और मंहगाई का दोहरा बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बेरोजगारी के खिलाफ क्रांति हुई है। चाचा नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है और भारत को बेरोजगार बनाने वाले प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के तौर पर मनाया गया है।

युवा कांग्रेस देहरादून ने राजपुर रोड पर एक बेरोजगार मेले का आयोजन किया। जिसमें बेरोजगार युवाओं ने आकर मोदी सरकार को आईना दिखाने के लिए पकोड़े तले बूट पॉलिश की सब्जियों की ढेलियां लगाकर अपना विरोध जताया।

गदरपुर में भी कांग्रेसियों ने पकौड़ी और जलेबियां बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहनिश चौधरी ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री युवाओं को पकौड़े तलने की सलाह देते हैं और रोजगार बताते हैं।
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी ने कहा कि नाले की गैस से आज हमने पकौड़े और जलेबी बनाई है। जिससे कि साफ संदेश जाए कि रोजगार के लिए पकौड़ा तलना आवश्यक नहीं है। उसके लिए नौकरियों की आवश्यकता है। जो प्रधानमंत्री दो करोड़ नौकरियां देने की बात करते थे। वह पूरी तरह विफल साबित हुई है।
