कोरोना से मौतों के बहाने राहुल का पीएम मोदी पर निशाना, बोले- श्मशान-कब्रिस्तान का वादा पूरा किया
देश में कोरोना के जानलेवा वायरस से त्राहिमाम मचा है। देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो गई है। पिछले तीन दिनों से देश में कोरोना के हर दिन दो लाख से ज्यादा नए केस समाने आए रहे हैं। वहीं आज तो कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या ने भी अपने पूराने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इस बीच कोरोना संक्रमण को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एकबार फिर जोरदार हमला किया है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर ये हमला उनके एक पुराने बयान का अप्रत्यक्ष जिक्र कर किया है। राहुल गांधी ने शनिवार ट्वीट करते हुए लिखा है कि श्मशान और कब्रिस्तान दोनों जो कहा सो किया।
इससे पहले शुक्रवार को भी राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कोविड नीति पर सवाल खड़े करते हुए ट्वीट किया था कि तुगलकी लॉकडाउन लगाओ। यह पहला चरण था दूसरा घंटी बजाओ और तीसरा प्रभु के गुण गाओ।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला कर रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि जरूरी चिकित्सा सुविधाओं के अभाव के बीच टीका का उत्सव एक ढोंग है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि ना टेस्ट, ना अस्पताल में बेड, ना वेंटिलेटर, ना ऑक्सीजन, टीका भी नहीं है, बस एक उत्सव का ढोंग है। पीएम केयर्स ?
गौरतलब है कि देश में कोरोना की स्थिति विस्फोटक गई गई है। कोरोना के नए मामलों ने अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 2,34,692 नए केस दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमित मामलों की संख्या 11,45,26,609 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे 1,341 लोगों की जान चली गई है। देश में कोरोना से मरने वाले लोगों की कुल तादाद 1,75,649 हो गई है।
