उद्धव ठाकरे के मारे, त्रिवेंद्र रावत के सहारे: महामहिम भगत सिंह कोश्यारी जाएंगे महाराष्ट्र

Untitled-118

देहरादून: महाराष्ट्र की उद्धव सरकार द्वारा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को सरकारी विमान ना देने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। त्रिवेंद्र रावत ने कोश्यारी को वापस महाराष्ट्र छोड़ने के लिए उत्तराखंड के सरकारी विमान की पेशकश की है। सीएम रावत ने कहा, अगर कोश्यारी चाहेंगे तो राज्य सरकार उन्हें वापसी के लिए सरकारी विमान देगी।

उन्होंने उद्धव ठाकरे की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ये सत्ता का दुरुपयोग है अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल है जो अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मर्यादाओं और परंपराओं का ख्याल रखा जाना चाहिए, राज्यपाल कोई व्यक्ति नहीं होता बल्कि वह राज्य का संवैधानिक मुखिया और राष्ट्रपति का प्रतिनिधि होता है। पूछे जाने पर कि क्या कोश्यारी को मुंबई वापसी पर उत्तराखंड सरकार अपना विमान उपलब्ध कराएगी, मुख्यमंत्री ने कहा, ”वह मागेंगे तो हम उन्हें देंगे.”

उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने इस प्रकरण की निंदा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार लगातार लोकतंत्र का गला घोंटने में लगी है। भगत ने कहा, ‘इस शर्मनाक कृत्य से महाराष्ट्र सरकार का असली चेहरा उजागर हुआ है। राज्यपाल जैसे संविधान के प्रहरी के साथ इस तरह का व्यवहार करके महाराष्ट्र सरकार ने अपने आचरण से साबित कर दिया है कि संवैधानिक संस्थाओं में उसका कितना विश्वास है।

गुरुवार को महाराष्ट्र और गोवा के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को उत्तराखंड आने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा सरकारी विमान के इस्तेमाल की इजाजत नहीं दी गई। देहरादून आने के लिए मुंबई में कोश्यारी 20 मिनट तक सरकारी विमान में बैठे इंतजार करते रहे लेकिन महाराष्ट्र सरकार से उसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्हें उससे उतरना पड़ा। इसके बाद वह दूसरे विमान से देहरादून आए।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी शुक्रवार को मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में आईएएस अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करने के लिए पहुंचे थे।