विधानसभा क्षेत्र सल्ट के विधायक स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना को मुख्यमंत्री ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

CM Photo 04 dt 12 November, 2020 (1)

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र सल्ट के विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जीना के निधन से राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जीना 2007, 2012 एवं 2017 से लगातार तीसरी बार विधानसभा में विधायक रहे, पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और हमारे छोटे भाई सुरेन्द्र अब नहीं रहे यह अविश्वसनीय लगता है। उनसे जो भी एक बार मिला होगा उसे उनका व्यवहार और सकारात्मक सोच जरूर याद आती होगी। वे विधानसभा के अंदर अपनी बात खुबसूरत और चुटीले अंदाज में रखते थे। छोटे एवं बड़ों के साथ उनका व्यवहार बहुत ही मधुर रहता था। सबको जोड़ने की अद्भुत कला उनमें थी, अपने विधानसभा क्षेत्र में वे लोकप्रिय रहे। अपने क्षेत्र के संबंधित विकास कार्यों को पूर्ण कराने की उनमें अद्भुत क्षमता थी। वे सदैव सबके हितैशी बनकर रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए  ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के साथ ही विधायकगणों एवं जनप्रतिनिधियों आदि ने भी स्व. जीना को श्रद्धांजलि अर्पित की।