खबर का असर: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने मानी चूक, शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया स्थगित की
देहरादून। दो दिन पूर्व दस्तावेज न्यूज पोर्ट पर ’वाह रे श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय ‘अंधेर नगरी चैपट्ट राजा, टके सेर भाजी टके सेर खाजा’ शीर्षक के साथ समाचार प्रसारित किया गया था। जिसमें खुलासा किया गया था कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की ओर से जारी भर्ती प्रक्रिया में यूजीसी रेगूलेशन 2018 के स्थान पर यूजीसी रेगूलेशन 2010 के तहत आवेदन पत्र जारी किया गया है। जिसका तत्काल संज्ञान लेते हुये विवि ने संबंधित भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश चन्द्रा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय बादशाहीथौल, टिहरी गढवाल के ऋषिकेश परिसर के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की गयी थी। जिसमें शैक्षिक पदों हेतु ़त्रुटिपूर्ण आवेदन पत्र का प्रारूप् त्रुटिवस तकनीकी विभाग द्वारा अपलोड कर दिया गया है। जिसे तत्काल विश्वविद्यालय द्वारा संशोधित किया जा रहा है। जिसे ध्यान में रखते हुये शैक्षिक पदो के लिए आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही विवि की आधिकारिक वैबसाइड पर संशोधित प्रारूप अपलोड के उपरांत भर्ती प्रक्रिया शुरू की जायेगी।
उधर दस्तावेज न्यूज पोर्टल को जानकारी देते हुये विवि के कुलसचिव दिनेश चन्द्रा ने बताया कि विवि में भर्ती प्रक्रिया यूजीसी 2018 के रेगूलेशन के अनुसार ही की जा रही है। उन्होंने बताया कि विवि द्वारा तकनीकी विभाग को यूजीसी रेगूलेशन 2018 के अनुरूप ही आवेदन पत्र अपलोड करने के लिए दिया गया था, लेकिन कुछ तकनीकी खामियों के कारण दूसरा आवेदन पत्र अपलोड हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भी विश्वविद्यालय व उनके स्तर से जांच की जा रही है कि यह त्रुटि किन परिस्थतियों में हुयी है। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया है कि विवि जल्द नया आवेदन पत्र विवि की वेबसाइड पर अपलोड करेगा।
