EXCLUSIVE: एम0के0पी (पी0जी0) कालेज में फर्जी नियुक्ति प्रकरण में जांच शुरू, कर्मचारी का निलंबन तय

WhatsApp Image 2020-06-26 at 14.11.55

देहरादून। एम0के0पी (पी0जी0) कालेज में फर्जी नियुक्ति प्रकरण में जांच शुरू कर दी गयी है। निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड के निर्देश पर एम0के0पी (पी0जी0) कालेज प्रबंध समिति की एक स्पेशल जांच कमेटी ने फर्जी नियुक्ति प्रकरण में शिकायतकर्ता का पक्ष जानने और तथ्यों की पडताल के बाद अपनी जांच तेज कर दी है।

शुक्रवार को एम0के0पी (पी0जी0) काॅलेज प्रबंध समिति की जांच कमेटी के समक्ष शिकायतकर्ता डाॅ सुशील कुमार शर्मा ने अपना पक्ष रखा। जांच अधिकारियों को दस्तावेज उपलब्ध कराते हुये शर्मा ने कहा कि एम0के0पी (पी0जी0) कालेज में लैब वेयर सर्वजीत सिंह को लैब सहायक रसायन विज्ञान के पद पर नियुक्ति देकर अवैध लाभ पहुंचाया गया है। शर्मा का दावा है कि तत्कालीन चयन समिति के अध्यक्ष एन0एस0 भटनागर व अन्य चयनकर्ताओं ने फर्जी डिग्री के आधार पर सर्वजीत सिंह को लैब वैयरर के पद से लैब सहायक रसायन विज्ञान के पद पर फर्जी तरीके से नियुक्ति दी है।

शर्मा ने जांच समिति को बताया कि सर्वजीत द्वारा नियुक्ति के लिये जो दस्तावेज एम0के0पी (पी0जी0) कालेज में प्रस्तुत किये है उनसे भी यह साबित होता है कि सर्वजीत द्वारा जालसाजी कर नियुक्ति पायी गयी है। इस लिए सर्वजीत सिंह को न सिर्फ तत्काल प्रभाव से उनके पद से निलंबित किया जाय बल्कि सर्वजीत व तत्कालीन चयन समिति के अध्यक्ष के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही की जाय। उधर जांच समिति ने डाॅ शर्मा को आश्वासन दिया है कि उनकी शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जायेगा और इस संबंध में निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड को भी अवगत करा दिया जायेगा। उधर जांच समिति की माने तो मामला काफी गंभीर है जिसका निस्तारण तत्काल कर दिया जायेगा।