6 दिन की बढ़त के बाद बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स 34 हजार अंक के नीचे
बीते 6 दिन की बढ़त के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत हुई. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. इस दौरान सेंसेक्स में गिरावट रही और यह 34 हजार अंक के नीचे आ गया. वहीं अगर निफ्टी की बात करें तो यह 10 हजार 100 अंक के स्तर पर जाकर लुढ़क गया.
कारोबार के दौरान बीएसई इंडेक्स में सनफार्मा और टेक महिंद्रा के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही. वहीं, अगर बात करें लूजर्स की तो टाइटन, एचडीएफसी, कोटक बैंक और ओएनजीसी के शेयर में गिरावट रही.
बुधवार को बाजार का हाल
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार छठे सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा. इस दिन कारोबार के अंत में सेंसेक्स 284.01 अंक चढ़कर 34,109.54 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी पिछले सत्र से 82.45 अंक ऊपर 10,061.55 पर ठहरा. दिनभर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 34,488.69 तक उछला जबकि निचला स्तर 34,027.50 रहा.
इसी तरह, निफ्टी 10176.20 तक चढ़ा जबकि निफ्टी का निचला स्तर 10,035.55 रहा. मिडकैप सूचकांक पिछले सत्र से 37.96 अंकों यानी 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 12,340.65 पर बंद हुआ और स्मॉलकैप सूचकांक 142.24 अंकों यानी 1.24 फीसदी की तेजी के साथ 11,570.65 पर ठहरा.
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 शेयरों में तेजी जबकि 12 में गिरावट दर्ज की गई.सबसे ज्यादा तेजी वाले पांच शेयरों में एमएंडएम (4.82 फीसदी), कोटक बैंक (3.31 फीसदी), बजाज फाइनेंस (2.83 फीसदी), एसबीआईएन (2.70 फीसदी) और नेस्लेइंडिया (2.38 फीसदी) शामिल रहे. गिरावट वाले पांच शेयरों में एनटीपीसी (2.12 फीसदी), भारती एयरटेल (1.13 फीसदी), मारुति (1.13 फीसदी), हीरोमोटोकार्प (0.95 फीसदी) और इन्फोसिस (0.95 फीसदी) शामिल रहे.
