त्रिपुरा में BSF जवानों के साथ मारपीट, भीड़ ने लाठी-डंडों से किया हमला; राइफल छीनकर सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़
उपशीर्षक: अशाबाड़ी में तीन जवानों को बनाया निशाना, घटना का वीडियो वायरल; मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
अगरतला। त्रिपुरा के अशाबाड़ी इलाके में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमले की घटना से हड़कंप मच गया। कथित तस्करों के एक समूह ने तीन जवानों को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान जवानों से हथियार छीनने का प्रयास किया गया और सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार, बॉक्सानगर क्षेत्र के अशाबाड़ी में सोमवार सुबह यह घटना हुई। आरोप है कि तस्करी से जुड़े लोगों के एक समूह ने बीएसएफ जवानों को निशाना बनाया। हमले में तीन जवान घायल हो गए। आरोपियों ने जवानों के हथियार छीनने की कोशिश की और मौके पर मौजूद सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की।
हमलावरों का पीछा कर एक आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए पीछा किया। इस दौरान आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। हालांकि, जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान हेजफुर रहमान के रूप में हुई है। उसे घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर पकड़ा गया।
वीडियो में दिखी हमले की तस्वीर
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग बीएसएफ जवानों पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। एक महिला जवान के सिर पर डंडे से वार करती नजर आती है, जिसके बाद जवान सड़क किनारे गिर जाता है। वीडियो में जवान के हाथ में राइफल दिखाई देती है। इसके बावजूद वह हमले के दौरान हथियार का इस्तेमाल नहीं करता। इसी बीच एक व्यक्ति जवान से राइफल छीनता हुआ दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बीएसएफ जवानों पर हमले को गंभीर मामला बताते हुए इसकी निंदा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सुरक्षा बलों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

