एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया 125वाँ स्थापना दिवस
देहरादून: आज दिनांक 15 सितम्बर 2026 को एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज में विद्यालय का 125वाँ स्थापना दिवस श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महादेवी कन्या पाठशाला कॉलेज (सोसाइटी) की प्रबन्ध समिति की उपाध्यक्षा श्रीमती कंचन गुनसोला, अवैतनिक सचिव श्री जितेन्द्र सिंह नेगी, सदस्य श्री कुलदीप सिंह नेगी, एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना पन्त, एम०के०पी० (पी०जी०) कॉलेज की प्राचार्या डॉ० ममता सिंह, एम०आई०टी० के निदेशक डॉ० शक्ति सिंह बर्खाल एवं एम०आई०टी० की उपनिदेशिका श्रीमती गीता चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
तत्पश्चात आर्य समाज की परम्परा के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत् हवन का आयोजन किया गया। छात्राओं द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति भी दी गई।
इसके उपरान्त एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज में कक्षा 1 से 12 तक वर्ष 2025 की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्तियाँ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज के प्रबन्धक श्री जितेन्द्र सिंह नेगी ने विद्यालय की सुख-समृद्धि, निरन्तर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि एम०के०पी० प्रदेश में बालिकाओं को गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी प्रदान कर रहा है, जिससे बालिकाएँ आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज की कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अध्यापिकाएँ, एम०के०पी० (पी०जी०) कॉलेज की प्राध्यापिकाएँ, समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एम०के०पी० (पी०जी०) कॉलेज छात्रावास, कालिन्दी छात्रावास, एम०आई०टी० एवं सोसाइटी के शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्राएँ उपस्थित रहीं।
अन्त में एम०के०पी० (इण्टर) कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना पन्त ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 125 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा विद्यालय से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के योगदान, समर्पण एवं सहयोग का परिणाम है।
कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट विनीता खरक्वाल एवं श्रीमती कल्पना रावत द्वारा किया गया। एन०सी०सी० कैडेट्स ने कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
