भाजपा मुख्यालय में गढ़वाल मंडल की अहम बैठक, टिहरी लोकसभा की पहली बैठक में सांसद ही रहे नदारद

0
1200-675-27420508-thumbnail-16x9-dddnnn

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. संगठन की ओर से अब प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति को धार देने का काम किया जा रहा है. भाजपा ने इससे पहले मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में बैठकें की थीं. अब विधायकों और सांसदों के साथ लोकसभा स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है.

साल 2027 की शुरुआत में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे में भाजपा का पूरा फोकस संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर है. पार्टी लगातार इस बात पर जोर दे रही है कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा जाए. इसी कड़ी में 18 अगस्त मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों (टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार) को लेकर अलग-अलग चरणों में बैठक आयोजित की जा रही है.

सीएम धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश संगठन के महामंत्रियों की मौजूदगी में होने वाली इन बैठकों में संबंधित लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं. बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति, उनके प्रचार-प्रसार और आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर चर्चा की जा रही है.

टिहरी लोकसभा की बैठक में क्षेत्रीय सांसद मौजूद नहीं: बैठक के पहले चरण में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे. हालांकि टिहरी से भाजपा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह स्वास्थ्य कारणों के चलते बैठक में शामिल नहीं हुईं. उनकी अनुपस्थिति के बावजूद टिहरी लोकसभा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे. राज्यसभा सांसद नरेश बंसल समेत कई विधायक और जिलों के पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए. टिहरी लोकसभा सीट की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कर रहे हैं. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की स्थिति और संगठन की तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है.

गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा की भी बैठक: गढ़वाल मंडल की बैठकों के दूसरे चरण में दोपहर 2 बजे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की बैठक आयोजित की जाएगी. इसके बाद शाम 5 बजे हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक होगी. इस तरह एक ही दिन में गढ़वाल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर संगठनात्मक मंथन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री धामी ने बैठक को लेकर कहा कि,

भाजपा ऐसा संगठन है जो पूरे साल अपने कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार रहता है. पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी सालभर संगठन की नीतियों और सरकार के कार्यक्रमों को लेकर काम करते हैं. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम व्यक्ति तक किस तरह पहुंचाया जाए, इस पर चर्चा करना है. संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रश्न, सुझाव और आगामी लक्ष्यों पर भी बैठक में विचार किया जा रहा है.
-पुष्कर धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड-

संगठन के लक्ष्य को पूरा करने पर फोकस: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि,

पार्टी में संगठन सबसे बड़ा है और संगठन की ओर से जो लक्ष्य दिए जाते हैं, उन्हें पूरा करने के लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी मेहनत करते हैं. प्रदेश में पहले मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकों का चरण पूरा किया जा चुका है. अब लोकसभा स्तर पर विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की जा रही है.
-महेंद्र भट्ट, भाजपा अध्यक्ष, उत्तराखंड-

भाजपा विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लगातार अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है. राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरे, संगठन की गतिविधियों और प्रदेश स्तर पर लगातार बैठकों के बाद अब पार्टी का फोकस जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने पर है. भाजपा के सामने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती है. ऐसे में पार्टी संगठन और सरकार दोनों ही स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और चुनावी तैयारियों को समय रहते मजबूत करने में जुटे हैं. गढ़वाल की तीनों लोकसभा सीटों की बैठकों को भी इसी चुनावी रणनीति की अहम कड़ी माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :