उत्तराखंड के 2 जिलों में आज बेहद भारी बारिश का अलर्ट, स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, CM की खास अपील

0
1200-675-27315200-thumbnail-16x9--

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून और बागेश्वर जिले के लोगों को आज बहुत सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग ने इन दोनों जिलों के लिए आज कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन दो जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने का भी अलर्ट है. देहरादून और बागेश्वर जिलों के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है. सीएम धामी ने चारधाम यात्रियों से विशेष अपील की है.

आज बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: इसके साथ ही उत्तराखंड के बाकी पहाड़ी जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में येलो अलर्ट है.

10 अगस्त तक होती रहेगी बारिश: मौसम विभाग का कहना है कि 10 अगस्त तक राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी होती रहेगी. इस दौरान लोगों को लैंडस्लाइड, बाढ़ और वज्रपात से सावधान और सुरक्षित रहने को कहा गया है. नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है.

इन जिलों में स्कूलों-आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी: मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत आज बुधवार 5 अगस्त को जनपद बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक के समस्त स्कूलों के साथ- साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. देहरादून जनपद के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी आज छुट्टी है.

सीएम धामी ने की विशेष अपील: सीएम धामी ने भी प्रदेशवासियों से भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट रहने को कहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए आज प्रातः सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. SDRF, NDRF एवं सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है.

सभी प्रदेशवासियों व पर्यटकों से भी अपील है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें. नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. आप सभी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :