🏇 जालंधर में घोड़े, घुड़सवार और गौरव का संगम: राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप 2025 का भव्य आगाज़! पहली बार कोई IPS अधिकारी करेगा राष्ट्रीय घुड़सवारी मुकाबले में भाग, देशभर की 15 टीमों के 125 घुड़सवारों का जुटा महामेल
📍 चंडीगढ़/जालंधर : पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने आज पीएपी कैंपस, जालंधर में राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप 2025 (टेंट पैगिंग) का शानदार उद्घाटन किया। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 15 फरवरी से 23 फरवरी तक चलेगी और इसमें देशभर से पुलिस बलों, अर्धसैनिक बलों, सेना, नौसेना और निजी क्लबों की कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं।
इस भव्य आयोजन में 125 घुड़सवार और 125 घोड़े हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि पंजाब पुलिस की 20 सदस्यीय टीम, जिसमें डीआईजी इंदरबीर सिंह के नेतृत्व में 24 घोड़े शामिल हैं, भी चैंपियनशिप में जोरदार प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरेगी।
🔹 डीजीपी गौरव यादव ने अपने X (ट्विटर) पोस्ट में लिखा,
“यह चैंपियनशिप अनुशासन, कौशल और परंपरा का उत्सव है। मुझे गर्व है कि पहली बार एक IPS अधिकारी राष्ट्रीय स्तर पर क्वालिफाई करके इस प्रतियोगिता में भाग ले रहा है।”
प्रतियोगिता के संचालन हेतु भारतीय घुड़सवारी महासंघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी की नियुक्ति की गई है और इसमें 15 से 20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इस चैंपियनशिप के उत्कृष्ट खिलाड़ी 2025-26 की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चुने जाएंगे।
डीजीपी यादव ने आम नागरिकों और घुड़सवारी प्रेमियों को आमंत्रित करते हुए बताया कि चैंपियनशिप देखने के लिए किसी भी प्रकार का टिकट नहीं लिया जाएगा। इससे पहले यह चैंपियनशिप 2016 और 2017 में भी पीएपी कैंपस, जालंधर में आयोजित हो चुकी है।
