हमारी सरकार आई तो राफेल सौदे की जांच होगी और चौकीदार जेल में होंगे-राहुल

0
rahul-gandhi

राफेल डील को लेकर कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर हमलावर है। नागपुर में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हमारी सरकार आई तो राफेल सौदे की जांच की जाएगी और चौकीदार जेल में होंगे। राहुल ने बृहस्पतिवार को यहां एक रैली में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लड़ाकू विमान खरीद सौदे में बदलाव किया जिसकी वजह से इसके दाम बढ़ गए। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको बता रहा हूं कि चुनाव के बाद जांच शुरू होगी और चौकीदार जेल में होंगे।’

गांधी ने कहा, ‘रक्षा मंत्रालय का दस्तावेज बताता है कि नरेंद्र मोदी ने मूल सौदे में बदलाव किया और एक विमान 1600 करोड़ रुपये में खरीदा।’ राफेल मुद्दे पर अनिल अंबानी को निशाना बनाते हुए गांधी ने कहा कि रक्षा निर्माण में उद्योगपति की विशेषज्ञता नहीं है, उनका व्यवसाय विफल हो गया और उनके पास धन नहीं है, फिर भी उन्हें ‘सबसे बड़ा’ रक्षा ठेका मिला।

‘न्याय’ योजना पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस योजना को विशेषज्ञों से विचार-विमर्श करने के बाद ही अंतिम रूप दिया गया। गांधी ने कहा कि कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो योजना के तहत गरीब भारतीय परिवारों के खाते में वार्षिक 72 हजार रुपये जमा कराए जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह यहां लंबी पारी खेलने आए हैं न कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह झूठ बोलने में विश्वास रखते हैं।’ 

राहुल ने कहा कि विशेषज्ञों से बात करने के बाद ही न्याय योजना के तहत गरीब परिवारों को 72 हजार रुपये वार्षिक देने का वादा किया गया है। योजना को लागू करने से अर्थव्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। ये योजना ‘गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक साबित होगी।’ राहुल ने आगे कहा कि झूठ का भंडाफोड़ हो जाता है। जहां कांग्रेस भारत के लोगों के लिए काम करना चाहती है वहीं भाजपा खोखले वादे करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *