May 3, 2024

लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में हो सकता है ‘महागठबंधन’

लोकसभा चुनाव  से पहले दिल्ली में ‘आप’-कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। दोनों दलों के कई कद्दावर नेता गठबंधन के पक्ष में हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के नेताओं के बीच महागठबंधन  को लेकर बात भी हुई है। कुछ ‘आप’ विधायक भी इस ओर प्रयास कर रहे हैं। 

दिल्ली में एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे कांग्रेस और ‘आप’ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। पूरे देश में महागठबंधन की कवायदों के बीच दिल्ली में भी दोनों दलों के कुछ नेता सक्रिय हुए हैं। महागठबंधन के राष्ट्रीय स्तर पर सूत्रधार कुछ नेताओं का भी मानना है कि भाजपा के खिलाफ दिल्ली में मिलकर लड़ना होगा। तर्क दिया जा रहा है कि बड़े लक्ष्य के लिए आपसी दूरी कम करनी होगी। 

बीते दिनों विपक्ष की एकजुट बैठक हुई थी। इससे पहले दिल्ली में किसानों के मार्च के मौके पर पहली बार मुख्यमंत्री केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक मंच पर आए थे। ‘आप’ नेताओं ने तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत पर हर्ष भी जताया। ‘आप’ के कुछ विधायकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए। 

उधर, कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन कई बार गठबंधन के लिए इनकार कर चुके हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कई बड़े नेता गठबंधन के पक्ष में हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com