May 1, 2024

दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से गर्मी से मिली थोड़ी राहत

अरब सागर से उठी नम हवाओं से दिल्ली-एनसीआर वालों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ा छुटकारा मिला है। दिल्ली एनसीआर में मंगलवार को कई जगहों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह पश्चिम विक्षोभ के चलते हुआ है। विभाग के अनुसार मंगलवार शाम को भी दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। फुहारों का यह क्रम बुधवार सुबह तक बना रह सकता है।

दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया
दिल्ली में सोमवार सुबह लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी और भी तेज हो गई। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में सुबह के समय न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटों में मौसम करवट बदलने वाला है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में भी बरसात की संभावना है। 

यूपी में पारा 42 डिग्री पर पहुंचा
भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। पारा 42 को छू रहा है, उधर बिजली कटौती से लोग हलकान हैं। सुवह छह बजे से ही बिजली की आंच-मिचौली शुरू हो जाती है, जो दिन भर चलती रहती है। वहीं शाम के वक्त बिजली न आने से पानी का संकट भी शुरू हो गया है। सोमवार को इस सीजन के सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 42.0 रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार तापमान बढ़ने से कम दबाव के क्षेत्र बन रहा है। इसके कारण मंगलवार को आंधी के साथ बारिश की संभावना है। इससे दिन का तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है।

दिन के साथ गर्मी का असर रात में भी बढ़ गया है। रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। यह 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। निगोहां में सोमवार को भाजपा सांसद कौशल किशोर के रोड शो के दौरान ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती की शिकायत की। इसके बाद सांसद ने पार्टी कार्यकर्ता के माध्यम से अधिशासी अभियंता से बिजली कटौती की जानकारी ली। इसके अलावा अघोषित बिजली कटौती बंद करने का निर्देश दिया। इस पर अधिशाषी अभियंता आरएन वर्मा ने अघोषित कटौती न किए जाने का आश्वासन दिया।


बिहार में भी आज हो सकती है बारिश
देह झुलसाने वाली धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग हलकान रहे।खासकर छुट्टी के समय स्कूली बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई। अधिकतम तापमान उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है। सुबह आठ बजे पांच किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवा दोपहर एक बजे 12 किलोमीटर तक पहुंच जा रही है। सोमवार की दोपहर में शहर की सड़कों पर कम वाहन दिखे। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पटना में मंगलवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। गर्मी पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। प्रदेश में 16 और 17 अप्रैल को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। यूपी से उत्तर-पूर्वी इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। जबकि नेपाल के इलाके में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हो रही है। पश्चिम बंगाल में भी लोकल थंडर स्टॉर्म बनने की संभावना है। इस कारण बिहार में लोकल थंडर स्टॉर्म विकसित होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। .

झारखंड में मौसम का मिजाज गर्म, पारा 40 के करीब

उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवा की वजह से राजधानी में मौसम का मिजाज सोमवार को और गर्म हो गया। पारा 40 डिग्री सेसि के करीब पहुंच चुका है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेसि रिकार्ड किया गया। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में .6 डिग्री सेसि की वृद्धि हुई है। तापमान में तीन दिन से लगातार हो रही बढ़ोतरी से जनजीवन पर असर दिखने लगा है। 

लोग जरूरी काम होने के बावजूद दोपहर में घरों एवं दफ्तरों से बाहर नहीं निकले। जो लोग काम के सिलसिले में बाहर निकले थे, वे धूप से बचाव का प्रयास करते दिखे। ऐसे लोगों ने सिर एवं चेहरे को गमछा और रुमाल से ढंक रखा था। महिलाएं एवं शिक्षण संस्थान से निकली छात्राएं धूप से बचाव के लिए छाता का सहारा ले रही थीं। शहर के प्रमुख इलाकों में गन्ना रस, तरह-तरह के शरबत-सत्तू एवं जूस की दुकानों के अलावा आइस्क्रीम काउंटरों पर लोगों की भीड़ दिखी। इसमें बच्चे और महिलाएं सबसे ज्यादा थीं। शाम के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि वातावरण में नमी नहीं रहने से देर रात तक लोगों ने उमस महसूस किया। 

राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेसि ज्यादा है। अमूमन अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेसि तक रहता है। पिछले तीन दिनों से आसमान में किसी स्तर पर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने की वजह से तापमान में वृद्धि हुई है। इस दौरान पश्चिम दिशा से शुष्क एवं गर्म हवा का बहाव हो रहा है। आसमान में एक नया सिस्टम बनने से मंगलवार से गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। सिस्टम के प्रभावी होने से आसमान में बादल छाएंगे। इस दौरान गरज वाले बादल से कहीं-कहीं बारिश भी संभव है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दो दिन तक मौसम का मिजाज नरम रहेगा। इस कारण लोगों को तपिश से राहत मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com