उत्तराखंड में 5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की ताजा चेतावनी
देहरादून: मानसून के सीजन में सभी लोगों को मौसम के पूर्वानुमान का इंतजार रहता है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने थोड़ी देर पहले 5 अगस्त तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. अगले हफ्ते भी राज्य के लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है. पूर्वानुमान के अनुसार 5 अगस्त तक राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होती रहेगी.
मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान: मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आज राज्य के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होगी. इसके साथ ही रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश की बौछारें पड़ेंगी. इस जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है. राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है.
जुलाई महीने का समापन बारिश से होगा: जुलाई महीने के आखिरी दिन कल शुक्रवार 31 जुलाई को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश होगी. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी.
पहली अगस्त का बारिश से स्वागत: अगस्त महीने की शुरुआत बारिश से होगी. शनिवार 1 अगस्त को राज्य के देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. बाकी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र होने की संभावना है. दो मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है.
2 अगस्त का मौसम का पूर्वानुमान: रविवार 2 अगस्त को उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकने और बारिश के बहुत तेज दौर चलने का पूर्वानुमान है. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी.
3 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश: सोमवार 3 अगस्त को रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. बाकी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश के तेज से बहुत तेज दौर चलेंगे. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी.
4 और 5 अगस्त का पूर्वानुमान: मंगलवार 4 अगस्त और बुधवार 5 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
