राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग के दो सदस्यों का इस्तीफा,चिदंबरम बोले, इस संस्था की आत्मा को शांति मिले

0
P.Chindram-Kamal-News

राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग के दो स्वतंत्र सदस्यों पी सी मोहनन और जे वी मीनाक्षी ने सरकार के साथ कुछ मुद्दों पर असहमति होने के चलते इस्तीफा दे दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, मोहनन आयोग के कार्यकारी चेयरपर्सन भी थे। दो सदस्यों के छोड़ने के बाद अब आयोग में केवल दो सदस्य- मुख्य सांख्यिकीविद प्रवीण श्रीवास्तव और नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत बचे हैं। मोहनन ने पीटीआई से बताया, ‘मैंने एनएससी से इस्तीफा दे दिया है। हमें लग रहा है कि आजकल आयोग बहुत प्रभावी नहीं रहा है।’

अधिकारी ने कहा, ‘दो सदस्यों ने राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग आयोग से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 28 जनवरी 2019 को इस्तीफा दिया।’ सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन आने वाले आयोग में सात सदस्य होते हैं। वेबसाइट के मुताबिक, तीन पद पहले से ही रिक्त हैं।

चिदंबरम बोले, इस संस्था की आत्मा को शांति मिले

राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) के दो सदस्यों के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ‘इस संस्था की आत्मा को शांति मिले, जब तक कि इसका दोबारा जन्म ना हो जाए।’ पूर्व वित्त मंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘हम राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग की मौत का शोक मनाते हैं। साफ-सुथरे जीडीपी डेटा और रोजगार डेटा को रिलीज करने के लिए इसकी साहसिक लड़ाई को आभार के साथ याद करते हैं।’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *