चुनाव आयोग प्रज्ञा सिंह का नामांकन रद्द क्यों नहीं कर रहा : मायावती

0
mayawati

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के संबंध में चुनाव आयोग पर सवाल उठाया है. मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही प्रज्ञा के लिए मायावती ने कहा कि चुनाव आयोग उनका नामांकन रद्द क्यों नहीं कर रहा है.

प्रज्ञा ठाकुर की हालिया विवादित टिप्पणी पर मायावती ने ट्वीट किया, ‘भोपाल से भाजपा प्रत्याशी और मालेगांव ब्लास्ट आरोपित साध्वी प्रज्ञा का दावा है कि वह ’धर्मयुद्ध’ लड़ रही हैं. यही है भाजपा-आरएसएस का असली चेहरा जो लगातार बेनकाब हो रहा है… लेकिन (चुनाव) आयोग केवल नोटिस ही क्यों जारी कर रहा है… प्रज्ञा का नामांकन क्यों नहीं रद्द कर रहा है?’

एक और ट्वीट में मायावती ने कहा, ‘मीडिया की जबर्दस्त आलोचनाओं के बावजूद चुनाव आयोग अगर जनसंतोष के मुताबिक निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है… तो यह देश के लोकतंत्र के लिए बड़ी चिंता की बात है. इस गिरावट के लिए असली जिम्मेदार कोई और नहीं बल्कि भाजपा और पीएम श्री (नरेंद्र) मोदी हैं जो गंभीर चुनावी आरोपों से घिरे हैं.’

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने एक बयान में कहा था कि महाराष्ट्र एटीएस के पूर्व प्रमुख हेमंत करकरे उनके ‘श्राप’ की वजह से मुंबई आतंकी हमले में मारे गए थे. प्रज्ञा का यह बयान सामने आने के बाद उनकी हर ओर आलोचना हुई थी. भाजपा ने भी उनकी टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया था. बाद में उन्हें अपना बयान वापस लेना पड़ा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *